Menu bar

New Releasing soon...my new novel कंपू 007..a topper's tale कंपू 007...a topper's tale
New इस ब्लॉग के पोस्ट को मीडिया में देखने के लिये MORE menu के Milestone पर क्लिक करें..

Tuesday, April 26, 2016

लेख - बनायें स्वास्थ्य जागरूक भारत

बनायें स्वास्थ्य जागरूक भारत

भारतीय जन मानस में, चाहे वो आम हो या खास, स्वास्थ्य से जुडी सामान्य जानकारी का जबर्दस्त अभाव है | हम लोगों को रोजमर्रा से जुडी छोटी छोटी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण चीजों की लगभग नहीं या फिर अधकचरी जानकारी है | मसलन छोटे बच्चे को कैसे नहलाना है, कैसे उसकी मालिश करनी है, अगर किसी को जुकाम, बुखार हो जाये, जल जाये तब प्राथमिक तौर पर हमें क्या करना है इसकी भी जानकारी हमें नहीं है | तमाम बीमारियों के लक्षण, उन्हें रोकने के, उनसे बचने के उपाय आदि बहुत ही कम लोगों को मालूम होते हैं |   इसमें कोई दोराय नहीं कि ये जानकारियां हमें होनी ही चाहिए |

जब भी हम किसी क्लिनिक, नर्सिंग होम या अस्पताल जाते हैं वहां अक्सर वेटिंग हाल में घंटों गुजरने पड़ते हैं | अपनी बारी का इंतजार करते करते हम उकता जाते हैं | हाल ही में मैं अपनी माता जी को दिखाने एक क्लिनिक ले गया | वहां वेटिंग हाल में मुझे बड़ी सुखद अनुभूति हुई | हाल में एक टीवी सेट लगा हुआ था जिसमें स्वास्थ्य से जुडी तमाम जानकारियां दी जा रही थीं | पहले मुझे लगा यह कोई टीवी चैनल है लेकिन जानकारी करने पर पता चला कि यह एक कंपनी द्वारा शुरू की गयी सेवा है | जिसका उद्देश्य ही है डॉक्टर के  वेटिंग रूम में बैठे लोगों को स्वास्थ्य से जुडी जानकारियां प्रदान करना व उसके प्रति जागरूक बनाना |

अभी तक यह सेवा कम ही जगह उपलब्ध है | बड़े बड़े प्राइवेट अस्पतालों में टीवी सेट तो लगे रहते हैं लेकिन उनमें अक्सर न्यूज़ चैनल या फिर म्यूजिक चैनल ही लगे रहते हैं जो हमारी चिकित्सा से जुडी जानकारी को बढ़ाने में कोई योगदान नहीं देते | वेटिंग हाल में बैठे लोग ज्यादातर समय अपने मोबाइल में लगे रहते है या फिर स्क्रीन पर अपने क्यू को देख रहे होते हैं | ‘ऑक्सीजन हेल्थकेयर’ की ओर से  दी जारी रही ‘ऑक्सीजन टीवी’ नाम की यह सेवा अनूठी व काबिलेतारीफ है |

यदि इससे थोड़ा आगे चलकर बात करें तो केंद्र सरकार को इस विचार को आगे बढ़ाने के लिये आगे आना चाहिए | हर सरकारी अस्पताल के वेटिंग हाल में ऐसे कार्यक्रम प्रसारित करने वाले टीवी सेट लगवाने चाहिए | जिस प्रकार कुछेक साल पहले किसानों के लिये विशेष टीवी चैनल ‘डीडी किसान’ की शुरुआत की गयी थी ठीक उसी प्रकार स्वास्थ्य को समर्पित एक खास चैनल की आवश्यकता है | जो न केवल स्वास्थ्य से जुडी सामान्य जानकारियां उपलब्ध कराए बल्कि एक रोगी को अस्पतालों में उनके अधिकार के प्रति भी सजग कराये | कदाचित सामान्य जन को अस्पतालों में उनके अधिकार की कोई जानकारी नहीं है | जिसके चलते यहाँ उनका शोषण होना आम बात है |    

रिपोर्ट्स बताती हैं कि हमारे देश में तमाम बीमारियाँ केवल इस वजह से फैलती हैं क्यूंकि हमें इससे बचाव के तरीके नहीं मालूम | यदि हमें ऐसी जानकारी सही समय पर व सही स्रोत के जरिये उपलब्ध हो जाये तो हम काफी हद तक बीमारियों से बचे रह सकते हैं | जरुरत है सरकार को इस ओर ध्यान देने की ताकि भारत भी बन सके एक स्वास्थ्य जागरूक देश |


Article By : Nitendra Verma

        Date: April 24, 2016 Monday

No comments:

Post a Comment